शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं—निगमायुक्त
शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं—निगमायुक्त
समय-सीमा बैठक में स्वच्छता, राजस्व वसूली, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा; लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में सोमवार को एमआईसी सभाकक्ष में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगमायुक्त ने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं, पेंशन, जनकल्याणकारी योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा से जुड़े प्रकरणों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने अभियान का प्रभावी एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सहभागिता से संबंधित गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित कर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने को कहा।
साथ ही निर्धारित कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने और अभियान की प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त क्षेत्रों में रात के समय नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सुबह नागरिकों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा शहर दिखाई दे।
उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और जहां भी कमी मिले, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने सभी प्रमुख दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखवाने तथा दुकानदारों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए जागरूक करने को कहा। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी करने तथा कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
नामांतरण प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने नामांतरण प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने तथा सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।
राजस्व वसूली की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर निगमायुक्त ने अधिकारियों को दैनिक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं की प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
बैठक में सीवरेज एवं जल सप्लाई, डेयरी विस्थापन, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
निगमायुक्त ने डीपीआर, एनओसी, सक्षम स्वीकृति, निविदा, दर स्वीकृति, अनुबंध और कार्य प्रारंभ होने तक की सभी प्रक्रियाओं को चरणबद्ध तरीके से समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित कार्रवाई के कारण विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन की प्रतिदिन समीक्षा के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने विभागवार लंबित प्रकरणों की दैनिक समीक्षा करने तथा शिकायतों की ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
महापौर जनसुनवाई से संबंधित लंबित मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनका समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी और कम्पाउंडिंग प्रकरणों में तेजी
अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी एवं कम्पाउंडिंग प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने अवैध कॉलोनियों के शेष प्रकरणों में एफआईआर की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
कोचिंग सेंटर, अस्पताल, होटल एवं मॉल में फायर सेफ्टी जांच की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुरक्षा मानकों की जांच और आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अनुमति के विपरीत निर्मित भवनों एवं प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर नियमानुसार कम्पाउंडिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए गए।
जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था पर निगरानी
मानसून को देखते हुए संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षाजल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा नालियों की दैनिक सफाई की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
हांका टीम की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवारा मवेशियों को वृहद स्तर पर पकड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को कीटनाशक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
पीएम स्वनिधि योजना की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान ऋण प्रकरणों, क्रेडिट कार्ड जारी होने तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति की जानकारी ली गई।
निगमायुक्त ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के सिटी मिशन मैनेजर यश रजक को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में संबल योजना, अनुग्रह सहायता राशि एवं समग्र ई-केवाईसी से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, जे.पी. सिंह बघेल, रवि हनोते, शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, योजना प्रभारी, कार्यालय अधीक्षक, सिटी मिशन मैनेजर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।