जलकर राहत योजना की समीक्षा में निगमायुक्त सख्त, बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश घर-घर दस्तक अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दें, शिविरों को करें सक्रिय : तपस्या परिहार 50 प्रतिशत छूट के बावजूद बकाया जमा नहीं करने वालों के नल कनेक्शन काटे जाएंगे, 10 अक्टूबर तक मिलेगा लाभ
जलकर राहत योजना की समीक्षा में निगमायुक्त सख्त, बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
घर-घर दस्तक अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दें, शिविरों को करें सक्रिय : तपस्या परिहार
50 प्रतिशत छूट के बावजूद बकाया जमा नहीं करने वालों के नल कनेक्शन काटे जाएंगे, 10 अक्टूबर तक मिलेगा लाभ
कटनी।। लंबे समय से लंबित जलकर की बकाया राशि के निराकरण एवं उपभोक्ताओं को अधिभार से राहत दिलाने के उद्देश्य से संचालित जलकर राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को एमआईसी हॉल में राजस्व एवं जलप्रदाय शाखा की समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने योजना की प्रगति एवं बकाया वसूली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और वसूली दल को अधिक से अधिक बकायेदारों को योजना का लाभ दिलाने तथा बकाया राशि निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित वसूली दल के कर्मचारी मौजूद रहे।
घर-घर पहुंचकर दें योजना की जानकारी
निगमायुक्त ने वसूलीकर्ताओं को निर्देश दिए कि सभी बकायेदार उपभोक्ताओं की वार्डवार सूची तैयार कर प्रतिदिन घर-घर संपर्क किया जाए। उपभोक्ताओं को जलकर राहत योजना के प्रावधानों, मिलने वाली छूट और अंतिम तिथि की जानकारी देकर बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य केवल निगम का राजस्व बढ़ाना नहीं है, बल्कि बकायेदार उपभोक्ताओं को अधिभार से राहत दिलाकर बकाया जलकर का निराकरण कराना भी है। इसलिए वसूली दल उपभोक्ताओं से प्रभावी संवाद स्थापित कर उन्हें योजना का लाभ दिलाएं।
शिविरों को सक्रिय करने के निर्देश
निगमायुक्त ने सुभाष चौक में प्रतिदिन लगाए जा रहे जलकर शिविर को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी शिविर आयोजित करने को कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने के लिए निगम कार्यालय तक आने में परेशानी न हो।
निगम मुख्यालय एवं जोन कार्यालयों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को भी प्रभावी बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। छूट के बावजूद भुगतान नहीं करने पर कटेंगे नल कनेक्शन निगमायुक्त ने कहा कि बकायेदारों को अपनी देनदारी समाप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर दिया गया है। बार-बार सूचना एवं समझाइश के बाद भी यदि उपभोक्ता योजना का लाभ लेकर बकाया राशि जमा नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई तेज की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे बकायेदारों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
10 अक्टूबर तक 50 प्रतिशत छूट
नगर निगम प्रशासन के अनुसार जलकर राहत योजना के अंतर्गत बकायेदार उपभोक्ताओं को कुल बकाया राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ दिया जा रहा है। योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार की छूट देय नहीं होगी तथा बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन ने जलकर के बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी जोन कार्यालय, नगर निगम मुख्यालय अथवा संबंधित वार्ड वसूलीकर्ता से संपर्क कर बकाया जलकर जमा करें और 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं।