ऑटो की किस्त नहीं चुका पाया तो बैंक लूटने निकला युवक, ताला तोड़ा लेकिन किस्मत ने पहुंचा दिया जेल

0

ऑटो की किस्त नहीं चुका पाया तो बैंक लूटने निकला युवक, ताला तोड़ा लेकिन किस्मत ने पहुंचा दिया जेल
कटनी। ऑटो की किस्त चुकाने के लिए पैसे नहीं थे और कर्ज का दबाव बढ़ता जा रहा था। आखिरकार 21 वर्षीय युवक ने बैंक में चोरी की योजना बना डाली। रात के अंधेरे में बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन बैंक में लगे सुरक्षा तंत्र और पुलिस की सक्रियता के चलते चोरी की वारदात अंजाम तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
मामला कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, हरदुआ शाखा का है। बैंक शाखा प्रबंधक विनीत सोलंकी ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर की रात करीब 2:34 बजे क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के सुरक्षा अधिकारी ने फोन पर सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति बैंक के मेन गेट का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 9:45 बजे बैंक पहुंचकर जांच की गई। मुख्य गेट के ताले पर किसी भारी वस्तु से वार कर तोड़ने के निशान मिले। बैंक के अंदर जांच करने पर किसी प्रकार की चोरी नहीं होना पाया गया। इसके बाद शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट पर कुठला पुलिस ने अपराध क्रमांक 859/26, धारा 303(2), 62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित स्थानों पर दबिश और पूछताछ की गई।
पुलिस की जांच में संदेह के आधार पर गंगाराम चौधरी पिता बृजलाल चौधरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी घंघरी कला, थाना कुठला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बैंक में चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया।

किस्त के दबाव में बनाई बैंक चोरी की योजना
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ऑटो की किस्त नहीं चुका पा रहा था। पैसों की जरूरत के चलते उसने बैंक में चोरी करने की योजना बनाई और रात में बैंक पहुंचकर ताला तोड़ने का प्रयास किया। आरोपी के कब्जे से दो पेचकस और एक छोटी आरी विधिवत जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक आलोक तिवारी, शिवशंकर दुबे, आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed