बप्पा की विदाई में न हो अव्यवस्था, महापौर ने खुद संभाली कमान गणेश विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश गाटर घाट, हनुमान घाट और माई नदी घाट समेत कृत्रिम कुंडों का किया निरीक्षण, सफाई-सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

0

बप्पा की विदाई में न हो अव्यवस्था, महापौर ने खुद संभाली कमान
गणेश विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
गाटर घाट, हनुमान घाट और माई नदी घाट समेत कृत्रिम कुंडों का किया निरीक्षण, सफाई-सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
कटनी।। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों एवं मैदानी अमले के साथ शहर के गाटर घाट, हनुमान घाट, माई नदी घाट सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों एवं कृत्रिम कुंडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थलवार व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को विसर्जन से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी, इसलिए सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश, आवागमन और भीड़ प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

कृत्रिम कुंडों की व्यवस्थाएं समय पर हों पूरी
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कृत्रिम विसर्जन कुंडों की स्थिति, प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण और व्यवस्थित रहनी चाहिए।
उन्होंने स्थलवार जिम्मेदारियां तय कर अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

निर्माल्य के लिए अलग व्यवस्था, सफाई पर विशेष जोर
महापौर ने विसर्जन स्थलों पर सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सफाई अमला तैनात रहे और विसर्जन के दौरान तथा उसके बाद तत्काल सफाई कराई जाए। पूजन सामग्री एवं निर्माल्य के लिए पृथक संकलन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए महापौर ने नागरिकों से अपील की कि पूजा सामग्री और निर्माल्य को जलस्रोतों में न डालें। इसे निगम द्वारा संचालित पूजा स्पेशल वाहन में ही दें, ताकि इसका व्यवस्थित संकलन एवं प्रबंधन किया जा सके।

प्रकाश, बैरिकेडिंग और आवागमन व्यवस्था की समीक्षा
महापौर ने विसर्जन स्थलों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कृत्रिम कुंडों तक पहुंचने वाले मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि देर शाम तक विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विसर्जन स्थलों पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं का सहयोग करें और भीड़ के दौरान किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।

नदी-तालाब में प्रतिमा विसर्जन न करने की अपील
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों से अपील की कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नगर निगम द्वारा निर्धारित कृत्रिम एवं चलित विसर्जन कुंडों में ही करें। नदी, तालाब अथवा अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जन न करें। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा की गई वैकल्पिक व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना है। नागरिक निर्धारित स्थलों पर ही विसर्जन कर निगम की व्यवस्थाओं में सहयोग करें।

विसर्जन के दिन भी रहेगी लगातार निगरानी
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन से पूर्व प्रत्येक स्थल का दोबारा निरीक्षण कर शेष व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराया जाए। विसर्जन के दिन भी अधिकारी एवं मैदानी अमला सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से संपन्न हो, इसके लिए निगम के सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान पार्षद सीमा श्रीवास्तव, वंदना यादव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed