रोड पर चल रही हार्वेस्टर में साड़ी फंसने से मध्य प्रदेश की महिला की दर्दनाक मौत, दशगात्र में जाते समय धरहर गुजर टोला के पास हुआ हादसा
सिवनी/मरवाही।
सिवनी चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहर गुजर टोला में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां सड़क पर चल रही धान कटाई मशीन (हार्वेस्टर) की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान भोगिया बाई उम्र 45 वर्ष, पति संजीवन राम, निवासी ग्राम गोधन थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था दंपत्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोगिया बाई अपने पति संजीवन राम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुम्हारी गांव में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। मृतका का मायका ग्राम चिंचगोहना में है।
सड़क पर चल रही थी हार्वेस्टर, अचानक हुआ हादसा
दंपत्ति जब बाइक से धरहर गुजर टोला के पास पहुंचे, तभी सड़क पर चल रही धान काटने वाली हार्वेस्टर मशीन के पास से गुजरते समय अचानक महिला की साड़ी मशीन के चलते हुए हिस्से में जा फंसी। साड़ी फंसते ही महिला चलती बाइक से अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और हार्वेस्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और पति की मदद से आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल भोगिया बाई को मरवाही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, चोट इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के पश्चात उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार जन में शोक की लहर, पुलिस जांच में जुटी
इस दुखद घटना से मृतका के परिजनों और मायके पक्ष में मातम छा गया है तथा परिवार जन में गहरा शोक व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।