माधव वर्सी मेले की व्यवस्थाओं का जिम्मा अधिकारियों को, उपायुक्त प्रियंका झारिया नोडल अधिकारी 9-10 अक्टूबर को माधव नगर में आयोजित होगा वर्सी मेला, सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

0

माधव वर्सी मेले की व्यवस्थाओं का जिम्मा अधिकारियों को, उपायुक्त प्रियंका झारिया नोडल अधिकारी
9-10 अक्टूबर को माधव नगर में आयोजित होगा वर्सी मेला, सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
कटनी। माधव नगर में 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले परम श्रद्धेय सतगुरु बाबा नारायण शाह साहिब एवं सतगुरु बाबा माधव शाह साहिब के वर्सी मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त ने संपूर्ण मेला व्यवस्थाओं के लिए उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनके समन्वय एवं मार्गदर्शन में मेला क्षेत्र में सड़क मरम्मत एवं पेंचवर्क, सीवर लाइनों से संबंधित गड्ढों का सुधार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दिन में दो बार होगी सफाई, कचरा प्रबंधन पर विशेष निगरानी
मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग को विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला स्थल एवं आसपास के मार्गों पर प्रतिदिन दो बार सफाई कराई जाएगी। कीटनाशक दवाओं एवं रासायनिक धुएं का छिड़काव करने के साथ नियमित रूप से कचरा उठाने की व्यवस्था रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कचरा पात्र एवं डस्टबिन रखवाए जाएंगे। मेला समिति से समन्वय कर विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त डस्टबिन एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलने से रोकने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। मेला क्षेत्र में पशुओं के विचरण पर नियंत्रण के लिए पेट्रोलिंग भी कराई जाएगी।

अतिक्रमण मुक्त रहेंगे प्रमुख मार्ग, अग्निशमन अमला रहेगा तैनात
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण से मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया है। अतिक्रमण प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई कर मेला मार्गों को बाधा मुक्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को मेला अवधि में फायर ब्रिगेड वाहन एवं आवश्यक अमले की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

समय-सीमा में पूरी होंगी सभी व्यवस्थाएं
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का प्राथमिकता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। मेला आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने तथा तैयारियों की प्रगति से वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed