कौशल की राह पर कटनी की बड़ी उपलब्धि, सभी शासकीय आईटीआई की सीटें फुल 788 सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश, 244 बेटियों ने भी लिया दाखिला; कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन की सराहना
कौशल की राह पर कटनी की बड़ी उपलब्धि, सभी शासकीय आईटीआई की सीटें फुल
788 सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश, 244 बेटियों ने भी लिया दाखिला; कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन की सराहना
कटनी।। जिले में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने की दिशा में कटनी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रवेश सत्र 2026 में जिले की सभी सात शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) की कुल 788 सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश हुआ है। उपलब्ध सभी सीटों के भर जाने से जिले की शासकीय आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो गई है।
कुल 788 प्रवेशों में 544 पुरुष और 244 महिला विद्यार्थी शामिल हैं। इस तरह कुल प्रवेश में बेटियों की भागीदारी 30.96 प्रतिशत रही। यह आंकड़ा तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के प्रति युवतियों की बढ़ती रुचि को भी दर्शाता है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन को मिली सराहना
जिले की सभी शासकीय आईटीआई में शत-प्रतिशत प्रवेश होने पर मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार सृजन बोर्ड (MPSSDEGB), भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अदिति गर्ग ने कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी को प्रशस्ति पत्र प्रेषित कर बधाई दी है।
प्रशस्ति पत्र में जिले की सभी शासकीय आईटीआई में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराने में कलेक्टर श्री तिवारी के सहयोग एवं मार्गदर्शन की विशेष रूप से सराहना की गई है।
रोजगारपरक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र हैं आईटीआई
शासकीय आईटीआई युवाओं को विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराती हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता विकसित करने का अवसर मिलता है।
प्राचार्य एवं जिला रोजगार अधिकारी ने भेंट किया प्रशस्ति पत्र
शासकीय आईटीआई के प्राचार्य देवेश मिश्रा एवं जिला रोजगार कार्यालय के अनिल तिवारी ने कलेक्टर आशीष तिवारी से भेंट कर उन्हें सीईओ अदिति गर्ग द्वारा प्रेषित प्रशस्ति पत्र भेंट किया। इस अवसर पर जिले में कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।