बड़नगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा पहुंची मुहांस हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा, पुष्पवर्षा कर किया आत्मीय स्वागत
बड़नगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा पहुंची मुहांस
हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा, पुष्पवर्षा कर किया आत्मीय स्वागत
कटनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़नगर से वाराणसी के लिए निकली सेवा संकल्प यात्रा रविवार को कटनी जिले के रीठी विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुहांस पहुंची। बाइकर्स के समूह के साथ पहुंची यात्रा का ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पहार पहनाकर और पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया।
सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के निरंतर सेवा कार्यों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जा रही है। यात्रा के मुहांस पहुंचने पर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।
यात्रा में शामिल सेवायात्रियों ने ग्राम मुहांस स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की तथा हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सेवायात्रियों ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान ग्रामीणों में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी को लेकर उत्साह देखने को मिला। सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के संदेश को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।