छह माह से निगम सम्मिलन नहीं, जनहित के मुद्दे परिषद में लंबित हर दो माह में बैठक का प्रावधान, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने आयुक्त को पत्र लिखकर शीघ्र सम्मेलन बुलाने की मांग की
छह माह से निगम सम्मिलन नहीं, जनहित के मुद्दे परिषद में लंबित
हर दो माह में बैठक का प्रावधान, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने आयुक्त को पत्र लिखकर शीघ्र सम्मेलन बुलाने की मांग की
कटनी।। नगर पालिक निगम में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार निगम सम्मिलन आयोजित नहीं होने को लेकर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने चिंता जताई है। उन्होंने निगमायुक्त को पत्र लिखकर शीघ्र निगम सम्मेलन आहूत करने तथा उसमें रखे जाने वाले विषयों का एजेंडा तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।
निगम अध्यक्ष ने अपने पत्र में मध्यप्रदेश नगरपालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 27 के अंतर्गत कामकाज संचालन नियम, 2005 का उल्लेख करते हुए कहा है कि नियमों के अनुसार प्रत्येक दो माह में कम से कम एक बार निगम सम्मेलन आयोजित किया जाना चाहिए। इसके बावजूद करीब छह माह से निगम का सम्मेलन आयोजित नहीं हुआ है।
जनहित और विकास के मुद्दों पर निर्णय की जरूरत
अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि नगर की जनता के हित और शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय परिषद में चर्चा एवं निर्णय के लिए लंबित हैं। निर्धारित समय पर निगम सम्मिलन नहीं होने से पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों में निगम की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पत्र में कहा कि निगम परिषद शहर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा एवं निर्णय लेने का महत्वपूर्ण मंच है। परिषद की बैठक समय पर होने से पार्षदों के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की जा सकती है।
शीघ्र एजेंडा तैयार कर सम्मेलन बुलाने की मांग
निगम अध्यक्ष ने निगमायुक्त से अपेक्षा की है कि निगम सम्मेलन शीघ्र आहूत करने की प्रक्रिया शुरू की जाए और सम्मेलन में लिए जाने वाले निर्णयों के अनुरूप एजेंडा तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित एवं नगर विकास से जुड़े विषयों पर समयबद्ध चर्चा और निर्णय जरूरी है, ताकि शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके और नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी निराकरण किया जा सके।