पूर्वी क्षेत्र दल ने फुटबॉल में मचाया धमाल, धार से विजेता लौटे 14 खिलाड़ी, शाजापुर में दिखेगा दम

0

 

 

अखण्ड प्रताप सिंह

अनूपपुर -जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर के खिलाड़ियों ने फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। सरदारपुर, जिला धार में आयोजित क्षेत्र स्तरीय फुटबॉल जूनियर वर्ग की विभागीय प्रतियोगिता में अनूपपुर के पूर्वी दल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता बनने के बाद खिलाड़ी शुक्रवार को अनूपपुर लौटे, जहां स्टेशन के सामने खेल शिक्षकों और विभागीय प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। टीम के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर पूर्वी दल के 14 खिलाड़ियों का चयन शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब ये खिलाड़ी शाजापुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अनूपपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे

*सरिता नायक के निर्देशन में मिला मार्गदर्शन*

खिलाड़ियों की तैयारियों और प्रतियोगिता को लेकर जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त सरिता नायक के निर्देशन में आवश्यक व्यवस्थाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। वहीं क्षेत्र संयोजक संतोष बाजपेई के निर्देशन में खिलाड़ियों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन मिला। जिला क्रीड़ा प्रभारी उपेंद्र कुमार मिश्रा की देखरेख में वरिष्ठ पीटीआई और खेल प्रशिक्षकों ने भी खिलाड़ियों की तैयारियों में सहयोग किया।

*स्टेशन पर हुआ खिलाड़ियों का स्वागत*

 

धार से विजेता बनकर लौटे खिलाड़ियों का अनूपपुर स्टेशन के सामने उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पीटीआई सलीम सिद्दीकी, मनोज सोनी, किशोर कुमार साकेत, विवेक यादव, अजय कुमार शर्मा और साक्षी पाठक सहित अन्य व्यायाम शिक्षक एवं विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं

दल के प्रबंधक शिवकुमार मार्को और कोच प्रीतम उइके सहित चयनित खिलाड़ियों का भी स्वागत किया गया। खेल शिक्षकों ने कहा कि खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा साबित की है और अब राज्य स्तर पर भी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलना होगा।

शाजापुर में होगी अगली चुनौती

क्षेत्रीय प्रतियोगिता में विजेता बनने के बाद अब अनूपपुर के 14 खिलाड़ी शाजापुर में होने वाली शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मैदान पर उतरेंगे। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है और उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर अनूपपुर का नाम रोशन करेंगे….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed