कैमोर में 9 एवं 10 अक्टूबर को टीबी व छाती रोगों की विशेष जांच शिविर विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा

0

कैमोर में 9 एवं 10 अक्टूबर को टीबी व छाती रोगों की विशेष जांच शिविर
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा
कटनी। कैमोर क्षेत्र के नागरिकों को टीबी (क्षयरोग) एवं छाती से संबंधित बीमारियों की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कैमोर में 9 एवं 10 अक्टूबर को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर में जिला चिकित्सालय कटनी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

टीबी के लक्षण वाले मरीज अवश्य पहुंचें
सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों को खांसी के साथ खून आना, लगातार वजन कम होना, भूख न लगना, छाती में दर्द अथवा 15 दिनों से अधिक समय से बुखार एवं खांसी जैसी समस्या है, वे शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं। शिविर में जिला चिकित्सालय कटनी से डॉ. एस.पी. सोनी एवं डॉ. शिव मोहन सराफ, टीबी एवं चेस्ट स्पेशलिस्ट, मरीजों की जांच एवं उपचार करेंगे। इसके अलावा विकासखंड सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ के खंड चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा दल भी शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

10 अक्टूबर को जबलपुर के सुपरस्पेशलिस्ट देंगे सेवाएं
शिविर के दूसरे दिन 10 अक्टूबर को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर के सुपरस्पेशलिस्ट चिकित्सकों की विशेष सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इनमें डॉ. आशीष दीवान, असिस्टेंट प्रोफेसर, रेस्पिरेटरी मेडिसिन तथा डॉ. अनुज मोहन, डी.एम. एवं सीनियर पल्मोनरी मेडिसिन विशेषज्ञ शामिल हैं।
स्वास्थ्य जांच के दौरान चिन्हित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया जाएगा तथा जरूरत के अनुसार उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने कैमोर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed