कोटमा में जुआ फड़ पर छापा, 60 हजार नकदी, 5 बाइक और 10 मोबाइल जब्त

0

(अनिल तिवारी -7000362359)
शहडोल। जिले में अवैध गतिविधियों और जुए-सट्टे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए सोहागपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी संजय जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कोटमा में चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर अचानक छापा मारा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जुआरियों में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर कुल 11 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में मुकेश जसवानी, अयूब खान, कपिल चौधरी, आनंद पांडे, विकास कुमार सोनी, अरमान खान, दीपक चौधरी, सागर कुमार, प्रदीप कुमार, प्रिंस कुमार गुप्ता और संजय गुप्ता शामिल हैं। मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा जुआरियों के इस्तेमाल में लाई जा रही 5 मोटरसाइकिलें और 10 महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस प्रकार पुलिस ने लाखों रुपए का मशरूका बरामद किया है। सोहागपुर पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में खौफ का माहौल है। आम नागरिकों ने पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed