वारदात से पहले ही मशरूके के साथ धरे गये बदमाश

(शुभम तिवारी+91 78793 08359)
शहडोल। मुख्यालय व आस-पास के वाशिंदों के लिए यह अच्छी खबर है, पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी वारदात होने से पहले ही संभावित बदमाशों को पुलिस ने धरदबोचा है। बीती रात पुलिस को मुखबिरी तंत्र से इस बात की सूचना मिली की चंद बदमाश कल्याणपुर स्टेट बैंक के पीछे एकत्रित होते हुए नजर आये है, संभवत: वे यहां किसी बड़ी वारदात की योजना बनाकर घटना भी कारित कर सकते हैं। मुखबिरों से मिली सूचना के बाद कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक निमिष अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खुद बदमाशों को पकडऩे की योजना बनाई, आरोपियों को पकडऩे के लिए तीन टीमें बनाई गई और अंधेरे में ही छापामार कार्यवाही करने के लिए टीमे कल्याणपुर रवाना हो गई।


5 पकड़े और 2 हो गये फरार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के साथ कोतवाली सायबर सेल की तीन टीमों ने मिलकर कल्याणपुर स्टेट बैंक के पीछे जब दबिश दी तो वहां जब्त असलहे और उनकी योजना जानकर पुलिस के होश उड़ गये। छापे के दौरान 5 बदमाश जो पुलिस के हत्थे चढ़े उनका भी पुलिस में लंबा आपराधिक रिकार्ड है, हालाकि दो बदमाश फिर भी पुलिस पर भारी पड़ते हुए मौके से फरार हो गये। पकड़े गये आरोपियों में पंकज प्रजापति पिता राजू निवासी बाणगंगा पेट्रोल पंप के पीछे,अजय पिता कालीदास साहू पटेल नगर, बिलाल पिता सलीम खान सोहागपुर, अमजद उर्फ तूफान पिता हामिद अली वार्ड नंबर 9 अनूपपुर,सतीश मिश्रा पिता शिवदयाल मिश्रा को पुलिस ने चार पहिया वैगेन आर क्रमांक एमपी 65 सी 2307 तथा एक 315 बोर का कट्टा, 5 जिंदा कारतूस, तलवार, बका, सब्बल व लॉकर काटने के उपकरण जब्त किये, फरार आरोपियों में पिन्टू गुप्ता और सीताराम गुप्ता के नाम सामने आये है, सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 399, 402 सहित भादवि, 25 आयुध अधिनियम के तहत अपराध कायम किया गया।


इनकी सजगता से बची डकैती
पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद यह बात भी सामने आई कि बदमाश यहां एकत्रित होकर बैंक में डकैती डालने की योजना बना रहे थे, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि यदि पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो स्टेट बैंक में डकैती और अन्य कोई गंभीर वारदात अवश्य कारित हो सकती थी। पुलिस अधीक्षक ने उक्त कार्यवाही के दौरान सायबर सेल एवं थाना कोतवाली की टीम को पुरूस्कृत करने की भी घोषणा की है।

You may have missed