खेत-बाड़ी में तैयार हो रही थी नशे की फसल, पुलिस ने गैतरा गांव में उखाड़े 6 किलो 600 ग्राम गांजा के पौधे, अवैध खेती करने वाला आरोपी जेल पहुंचा
खेत-बाड़ी में तैयार हो रही थी नशे की फसल, पुलिस ने गैतरा गांव में उखाड़े 6 किलो 600 ग्राम गांजा के पौधे, अवैध खेती करने वाला आरोपी जेल पहुंचा
कटनी। जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना माधवनगर पुलिस ने अवैध गांजा खेती के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजा के हरे पौधों सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहेरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गैतरा निवासी सोनेलाल पटेल अपने खेत-बाड़ी में अवैध रूप से गांजा के पौधे उगा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां खेत में गांजा के हरे पौधे लगे पाए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी सोनेलाल पटेल (68 वर्ष) पिता नर्मदा प्रसाद पटेल निवासी गैतरा थाना माधवनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से खेत-बाड़ी में लगे लगभग 6 किलो 600 ग्राम वजनी हरे गांजा के पौधे जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया है।