फरहदा में 9 अक्टूबर को सजेगी अजीमुश्शान महफिल, देशभर से जुटेंगे उलेमा

0

जश्ने गौसुलवरा व फैजाने आला हजरत कार्यक्रम में तकरीर के साथ होगा लंगर का इंतजाम, महिलाओं के लिए अलग पर्दे की व्यवस्था
शहडोल। अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत फरहदा में 9 अक्टूबर को जश्ने गौसुलवरा व फैजाने आला हजरत के अवसर पर अजीमुश्शान धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बाद नमाज-ए-ईशा आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से उलेमा-ए-किराम और धार्मिक वक्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम का आयोजन हिन्दुस्तान ट्रेडर्स के निदेशक हाफिज आजाद खान की ओर से कराया जा रहा है। आयोजन में सैयद सलाहुद्दीन अशरफ, मुफ्ती शहजाद आलम मिस्बाही, मुफ्ती गुलाम जिलानी अजहरी और मौलाना महबूब गौहर इस्लामपुरी सहित कई उलेमा-ए-किराम की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक विषयों पर तकरीर और मार्गदर्शन किया जाएगा।
दूर-दराज से आने वाले अकीदतमंदों के लिए लंगर
आयोजकों ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की हैं। दूर-दराज से आने वाले जायरीन और अकीदतमंदों के लिए लंगर का विशेष इंतजाम किया गया है। आयोजन समिति का कहना है कि बाहर से आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महिलाओं के लिए अलग पर्दे की व्यवस्था
धार्मिक मर्यादा और महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए विशेष पर्दे की व्यवस्था की गई है। आयोजकों की ओर से महिलाओं से भी परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजन में शामिल होने की अपील
आयोजक हाफिज आजाद खान ने क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के अकीदतमंदों से 9 अक्टूबर को फरहदा पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक संदेश को समर्पित है। आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed