दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बड़ा यातायात प्लान लागू मंगलवार और शनिवार को शाम 6 से रात 10 बजे तक रहेगा विशेष डायवर्जन, मंदिर क्षेत्र बनेगा नो व्हीकल जोन

0

दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बड़ा यातायात प्लान लागू
मंगलवार और शनिवार को शाम 6 से रात 10 बजे तक रहेगा विशेष डायवर्जन, मंदिर क्षेत्र बनेगा नो व्हीकल जोन
कटनी। शहर के प्रसिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में मंगलवार और शनिवार को उमड़ने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तैयार इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर द्वारा यह विशेष योजना लागू की जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक सब्जी मंडी एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग पर शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विशेष डायवर्जन प्रभावी रहेगा। मंदिर क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ एवं संकरे मार्ग को देखते हुए 200 से 300 मीटर तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा, जहां केवल पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा।
ऐसे रहेगा डायवर्जन प्लान
बरही नाका से मंदिर की ओर आने वाले चारपहिया वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को मॉल रोड, खिरहनी चौकी एवं एनपीएन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं केवल स्थानीय निवासियों और आपातकालीन सेवाओं को नियंत्रित रूप से प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वकर्मा पार्क की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मंदिर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। छोटे वाहनों को विश्वकर्मा पार्क से सुभाष चौक होते हुए स्टेशन रोड की ओर भेजा जाएगा, जबकि भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
सुभाष चौक से मंदिर की ओर वन-वे पैदल कॉरिडोर बनाया जाएगा। ई-रिक्शा एवं ऑटो को झंडा बाजार और गोल बाजार की ओर मोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक और मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही क्रेन एवं टोइंग वाहन स्टैंडबाय रखे जाएंगे, ताकि अवैध पार्किंग या जाम की स्थिति बनने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस द्वारा लाउड हेलर और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी दी जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शहर की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed