करोड़ों की खदान, करोड़ों का खेल अनुबंध कर लिया पैसा, फिर खदान पर ही खड़ा कर दिया विवाद,5 करोड़ की कथित ठगी, 9 पर धोखाधड़ी की एफआईआर माधवनगर की लेटेराइट-बॉक्साइट खदान में बड़ा खेल उजागर, एसपी स्तर की जांच के बाद धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज
करोड़ों की खदान, करोड़ों का खेल अनुबंध कर लिया पैसा, फिर खदान पर ही खड़ा कर दिया विवाद,5 करोड़ की कथित ठगी, 9 पर धोखाधड़ी की एफआईआर
माधवनगर की लेटेराइट-बॉक्साइट खदान में बड़ा खेल उजागर, एसपी स्तर की जांच के बाद धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज
कटनी। खनन से जुड़ा करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मिनरल्स फर्म के साथ खदान संचालन के नाम पर कथित रूप से 4 से 5 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में माधवनगर थाना पुलिस ने सैफी उर्फ सरफराज खान एवं उनकी पत्नी समेत 9 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) एवं 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई माह तक चली जांच के बाद हुई।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वर्ष 2018 में इस्माईल एंड सन्स के साझेदारों ने माधवनगर थाना के पीछे स्थित 12.679 हेक्टेयर की लेटेराइट एवं बॉक्साइट खदान के संचालन का अनुबंध क्वांटम मिनरल्स से किया था। शिकायतकर्ता संजीव बोहरे का आरोप है कि खदान शुरू कराने के लिए उनकी फर्म ने सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कीं, शासकीय शुल्क जमा किया और आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कीं। इसके बावजूद वर्ष 2021 में उसी खदान की पावर ऑफ अटॉर्नी कथित रूप से दूसरे पक्ष के नाम कर दी गई।
शिकायत में कहा गया है कि बाद में पावर ऑफ अटॉर्नी निरस्त कराने के लिए दो करोड़ रुपये लिए गए। वर्ष 2025 में खदान शुरू होने के बाद आरोपियों द्वारा अतिरिक्त 75 लाख रुपये की मांग की गई और भुगतान नहीं करने पर खदान का संचालन रुकवाने तथा दूसरे को सौंपने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि लगभग 36 लाख रुपये मूल्य के खनिज का अवैध उत्खनन कर विक्रय किया गया तथा सरकारी विभाग में कथित रूप से भ्रामक दस्तावेज प्रस्तुत कर खदान का संचालन प्रभावित कराया गया, जिससे फर्म को 4 से 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। माधवनगर पुलिस ने संजीव बोहरे की शिकायत पर अपराध क्रमांक 624/2026 दर्ज करते हुए आदिल अहमद, हुज्जू, ओमप्रकाश पाठक, नानू मिश्रा, अमन मिश्रा, अलाउद्दीन, सरफराज उर्फ सैफी खान, शबनम खान और तनवीर खान को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है तथा बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपियों का पक्ष अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।