मतदाता सूची के पुनर्सत्यापन एवं नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान कलेक्टर ने बीएलओ को गंभीरता और प्राथमिकता से कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, घर-घर जाकर होगा मतदाताओं का सत्यापन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 09 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं के पुनर्सत्यापन एवं नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में आज एकीकृत आदिवासी विकास विभाग के परियोजना कार्यालय गौरेला के सभाकक्ष में जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विजय दयाराम के. ने सभी बीएलओ को विशेष अभियान के कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए गंभीरता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण कार्य है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन करें। उन्होंने विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि पुनर्सत्यापन एवं पंजीयन के दौरान प्राप्त आवेदनों की जानकारी का व्यवस्थित संधारण करें तथा निर्धारित प्रारूप में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री अम्बूज मिश्रा एवं श्री अनिल वर्मा ने विशेष अभियान की कार्ययोजना एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भावी युवा मतदाता जो 1 जनवरी 2027 को 17 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाना है। इसके लिए आवेदकों के नाम, जन्मतिथि एवं निवास के पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि एवं दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि विशेष अभियान के दौरान बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची से छूटे हुए नागरिकों का पुनर्सत्यापन करेंगे। साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे। अभियान के तहत मतदान केंद्र स्तर पर प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री विक्रांत अंचल, तहसीलदार श्रीमती प्रीति शर्मा एवं श्री शेष नारायण जायसवाल, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित थे।