बिलैया तलैया सब्जी मंडी में चाकूबाजी, 5 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ खूनी विवाद, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शहर में बढ़ा भरोसा

0

बिलैया तलैया सब्जी मंडी में चाकूबाजी, 5 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ खूनी विवाद, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शहर में बढ़ा भरोसा
कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र बिलैया तलैया सब्जी मंडी में शुक्रवार को पैसों के लेन-देन को लेकर हुए खूनी विवाद ने सनसनी फैला दी। मामूली कहासुनी देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज कुछ घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई की शहरभर में चर्चा रही।
जानकारी के अनुसार गिरजा घाट निवासी 38 वर्षीय प्रशांत सोनी गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाए गए थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। प्रशांत सोनी ने बताया कि उसका अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया से पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। वह अपना पैसा लेने बिलैया सब्जी मंडी पहुंचा था, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया ने साथियों को उकसाते हुए प्रशांत सोनी पर हमला करने के लिए कहा, जिसके बाद आरोपियों ने चाकुओं से पीठ, कमर और हाथ पर कई वार किए। इसके बाद लात-घूंसों से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 495/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, राज उर्फ प्यारे चौरसिया, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, शुभम उर्फ चुन्नू चौरसिया एवं एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद के चलते यह घटना हुई। घायल प्रशांत सोनी का उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed