13 स्कूल और 17 यात्री वाहनों सहित कुल 30 वाहनों की जांच की गई,कटनी-कैमोर मार्ग पर परिवहन विभाग की सख्ती बिना फिटनेस और कर जमा किए संचालित यात्री बस जब्त, स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी
13 स्कूल और 17 यात्री वाहनों सहित कुल 30 वाहनों की जांच की गई,कटनी-कैमोर मार्ग पर परिवहन विभाग की सख्ती
बिना फिटनेस और कर जमा किए संचालित यात्री बस जब्त, स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी

कटनी।। जिले में यात्री एवं स्कूली वाहनों के सुरक्षित और नियमसम्मत संचालन को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी-कैमोर मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 13 स्कूल वाहनों और 17 यात्री वाहनों सहित कुल 30 वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान परिवहन अधिकारियों ने वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, कर भुगतान, बीमा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। साथ ही स्कूली वाहनों में विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान यात्री बस क्रमांक MP20 ZW 1291 नियमों के अनुरूप संचालित होती नहीं पाई गई। जांच में बस का वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं था तथा जून माह से वाहन का कर भी जमा नहीं किया गया था। वाहन में मिली इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर थाना कुठला में सुरक्षित खड़ा कराया।
बिना फिटनेस और कर बकाया वाहन नहीं चलेंगे
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने स्पष्ट किया कि बिना वैध फिटनेस, आवश्यक परमिट और कर भुगतान के वाहन संचालन नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन संचालकों से कहा कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें और फिटनेस, परमिट, बीमा तथा कर सहित सभी वैधानिक औपचारिकताएं समय-सीमा में पूरी करें। परिवहन विभाग द्वारा विशेष रूप से स्कूल वाहनों की जांच पर जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। अधिकारियों ने वाहन संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।