बड़वारा पुलिस की अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई, दोनों वाहन थाने में खड़े करवाए

0

बड़वारा पुलिस की अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई, दोनों वाहन थाने में खड़े करवाए
बड़वारा/कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। दोनों वाहन चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को भ्रमण के दौरान बड़वारा पुलिस ने ग्राम सकरीगढ़ स्थित महानदी पुल के पास लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा।
पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान उमेश उर्फ राजा पटेल (21), पिता रामजी पटेल, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बड़वारा, जिला कटनी के रूप में हुई। रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसी दौरान महानदी घाट की पुलिया के पास लाल रंग का एक अन्य महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली भी रेत से भरा मिला। इसके चालक की पहचान संजय कुमार पटेल (29), पिता सोनेलाल पटेल, निवासी ग्राम बसाड़ी, थाना बड़वारा, जिला कटनी के रूप में हुई। उक्त चालक भी रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दोनों मामलों में पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए रेत से भरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया।
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तथा आरक्षक आकाश रावत, अनिल साकेत एवं शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed