सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर निगमायुक्त सख्त, शीघ्र निराकरण के निर्देश प्रतिदिन फॉलोअप कर शिकायतों का प्रतिवेदन दर्ज करें अधिकारी – निगमायुक्त सुश्री परिहार
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर निगमायुक्त सख्त, शीघ्र निराकरण के निर्देश
प्रतिदिन फॉलोअप कर शिकायतों का प्रतिवेदन दर्ज करें अधिकारी – निगमायुक्त सुश्री परिहार
कटनी। नगर निगम के कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने और सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के उद्देश्य से निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शनिवार शाम 4:30 बजे निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण, भवन अनुज्ञा, जल प्रदाय, साफ-सफाई एवं अतिक्रमण सहित विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्थल का निरीक्षण करें और संतुष्टिपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित कर समय पर प्रतिवेदन दर्ज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन लंबित शिकायतों का फॉलोअप लें और उनके निराकरण की नियमित समीक्षा करें। इससे शिकायतों की संख्या में कमी आएगी तथा आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सकेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निगम सम्मिलन की तैयारियों की भी समीक्षा
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने आगामी 14 अक्टूबर को आयोजित होने वाले निगम सम्मिलन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बैठक में रखे जाने वाले विभिन्न विषयों और संकल्पों के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री संजय मिश्रा, शैलेंद्र प्यासी, रवि हनोते, हिमांशु गौतम, राज ललित गुमास्ता, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी संजय सोनी सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।