मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्रव्यापी आंदोलन, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय मजदूर संघ (BMS) के आह्वान पर 17 अगस्त को देशभर में आयोजित राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी मजदूरों और कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवा ध्वजों के साथ रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की तथा जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
भारतीय मजदूर संघ की केंद्रीय कार्यसमिति की 26 से 28 जुलाई 2026 तक हुई बैठक में मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को उठाने तथा उनके तत्काल समाधान की मांग को लेकर 17 अगस्त को ‘मांग दिवस’ मनाने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में जिले में यह आंदोलन आयोजित किया गया।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि उनकी मांगें केवल वेतन वृद्धि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, श्रम की गरिमा, श्रमिकों के हितों की रक्षा, उचित पारिश्रमिक तथा कर्मचारियों के आर्थिक भविष्य से जुड़ी हैं।
ये प्रमुख मांगें रखीं
भारतीय मजदूर संघ ने ज्ञापन में EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन को ₹1,000 से बढ़ाकर ₹7,500 प्रतिमाह करने तथा महंगाई भत्ते (DA) के साथ आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने, EPF, ESIC और बोनस की गणना के लिए वेतन सीमा को बढ़ाने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः लागू करने तथा ग्रेच्युटी की गणना 15 दिन के वेतन के स्थान पर 30 दिन के वेतन के आधार पर करने की मांग की।
इसके अलावा समान काम के लिए समान वेतन, जीवन-यापन की बढ़ती लागत के अनुरूप न्यूनतम वेतन में वृद्धि, आंगनबाड़ी, आशा, मिड-डे मील, NHM सहित विभिन्न योजना कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी और बैंकों में सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने श्रम संहिताओं में मौजूद मजदूर-विरोधी प्रावधानों को हटाने के लिए उचित संशोधन करने तथा भारी इंजीनियरिंग कंपनी, रांची सहित विभिन्न राष्ट्रीय टेक्सटाइल मिलों के श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग रखी। वहीं भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
आंदोलन के दौरान भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों का समयबद्ध एवं सकारात्मक समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से मजदूरों और कर्मचारियों के हित में इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता, मजदूर एवं कर्मचारी मौजूद रहे।