महिषदल विधानसभा में भाजपा की ऐतिहासिक विजय, BJYM जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे की भूमिका सराहनीय
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पश्चिम बंगाल की महिषदल (208) विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुभाष चन्द्र पंजा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त करते हुए 1,21,584 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 26,238 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत ने क्षेत्र में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को प्रमाणित किया है।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभम ताम्रकार ने बताया कि इस महत्वपूर्ण विजय में भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उन्होंने चुनाव के दौरान लगभग एक माह तक महिषदल क्षेत्र में रहकर संगठन को मजबूती प्रदान की तथा कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा का संचार किया।
माननीय किरण सिंह देव के दूरदर्शी नेतृत्व एवं राहुल योगराज टिकरिहा के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए सिद्धार्थ दुबे ने अपने निजी, पारिवारिक एवं व्यवसायिक दायित्वों को त्यागकर संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण का परिचय दिया। विपरीत परिस्थितियों में भी उनका अनुशासन, परिश्रम एवं संगठन निष्ठा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शुभम ताम्रकार ने कहा कि यह विजय केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति, विचारधारा एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ दुबे ने न केवल जिले का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पूरे संगठन को गर्वित किया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इसी ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा।