‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, सांसद ने भी किया पौधारोपण
शहडोल। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहडोल के कन्या शिक्षा परिसर, कंचनपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य एवं शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह ने पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पृथ्वी को अधिक हरित और सुरक्षित बनाना है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद हिमाद्री सिंह ने भी पौधारोपण करते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।