शहडोल में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

0

 

शहडोल। जिले में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए बुधवार को शहडोल पुलिस ने “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ शहर में भव्य जागरूकता रैली निकालकर किया गया। इस रैली में पुलिस प्रशासन, विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बाणगंगा स्थित सामुदायिक भवन पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में नशे के खिलाफ संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया। “नशे से दूरी है जरूरी”, “स्वस्थ युवा, समृद्ध समाज” और “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। रैली के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रेरित करने के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त शहडोल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध नशे का कारोबार या नशीले पदार्थों का सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से शहडोल को नशामुक्त और सुरक्षित जिला बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed