अमलाई ओसीएम में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, आरकेटीसी के 5 टिपर जब्त

बिना बीमा, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और दस्तावेजी खामियों पर हुई कार्रवाई, अभियान जारी रहने के संकेत
शहडोल। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर शहडोल यातायात पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई ओपन कास्ट माइंस में संचालित आरकेटीसी कंपनी के पांच भारी टिपर वाहनों को जब्त कर लिया। जांच के दौरान वाहनों में बीमा, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अमलाई ओसीएम में संचालित कुछ भारी वाहन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना संचालित किए जा रहे हैं। शिकायतों के आधार पर यातायात प्रभारी संजय जायसवाल के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कई वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान पांच टिपरों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार कुछ वाहनों का वैध बीमा नहीं था, कई वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के लिए आवश्यक लिफ्टर नहीं लगे थे, कुछ वाहनों पर पंजीयन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित नहीं थे, जबकि कई वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप भी नहीं पाए गए। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर सभी पांचों वाहनों को जब्त कर अमलाई ओसीएम परिसर में खड़ा करा दिया गया।
यातायात प्रभारी का कहना है कि भारी वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती है। इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की अमलाई ओपन कास्ट माइंस में कोयला उत्खनन और परिवहन का कार्य आरकेटीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। बड़े पैमाने पर संचालित इस परियोजना में प्रतिदिन भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिसके चलते सभी वाहनों का वैध दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना आवश्यक है।
यातायात प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि जिले में बिना वैध बीमा, फिटनेस, आवश्यक दस्तावेज अथवा सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित होने वाले भारी वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।