नपा के राजस्व निरीक्षक पुरुषोत्तम गुप्ता का लंबी बीमारी के बाद निधन, पैतृक ग्राम उमरिया में होगा अंतिम संस्कार
धनपुरी। नगर पालिका धनपुरी में कार्यरत राजस्व निरीक्षक पुरुषोत्तम गुप्ता का लंबी बीमारी के बाद आज दुखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही संपूर्ण धनपुरी क्षेत्र सहित नगर पालिका महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज जारी था। तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका, जिससे प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में एक बड़ा वैक्यूम पैदा हो गया है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिवंगत पुरुषोत्तम गुप्ता का अंतिम संस्कार उनके गृह जिला उमरिया स्थित पैतृक ग्राम में संपन्न किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन और शवयात्रा में शामिल होने के लिए नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो रहे हैं। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनकी कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए नगर पालिका उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उपाध्यक्ष खंडेलवाल सहित नगर पालिका के पार्षदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
हनुमान खंडेलवाल ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुरुषोत्तम गुप्ता एक बेहद सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा। इस दुख की घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय वज्रपात व गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।