बेतरतीब ट्रैफिक से गौरेला में पैदल चलना भी दूभर, ट्रैफिक पुलिस की प्वाइंट तैनाती पर उठे सवाल
गौरेला। त्योहार और मंगलवार साप्ताहिक बाजार के चलते गौरेला नगर के मुख्य मार्गों पर मंगलवार को यातायात का दबाव काफी बढ़ गया। रेलवे स्टेशन से पेंड्रा की ओर जाने वाले मार्ग तथा अमरकंटक रोड पर वाहनों की भीड़ के कारण कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया। स्थिति यह रही कि लोगों को पैदल आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर के भीतर नो-एंट्री व्यवस्था के बावजूद बस, ट्रक, ट्रैक्टर और पिकअप जैसे भारी वाहन प्रवेश करते रहे, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक बिगड़ गई। गांधी चौक जैसे प्रमुख प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं होने से वाहनों को नियंत्रित करने वाला कोई प्रभावी अमला मौके पर नजर नहीं आया। इसके चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
यातायात व्यवस्था को लेकर नगरवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि त्योहार और साप्ताहिक बाजार के दिनों में पहले से ही यातायात का दबाव बढ़ जाता है, ऐसे में प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती जरूरी है।
इस संबंध में प्रभारी यातायात टीआई भगत से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी छुट्टी पर होने के कारण संबंधित प्वाइंट पर तैनाती नहीं हो सकी।
वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सुझाव दिया गया कि त्योहार और बाजार वाले दिनों में बस, ट्रक, पिकअप और ट्रैक्टर जैसे बड़े वाहनों को संजय चौक अथवा ज्योतिपुर चौक से डायवर्ट किया जाए, ताकि बाजार के मुख्य मार्ग पर आवागमन सुचारू बना रहे। इससे जाम की स्थिति से राहत मिलने के साथ ही संभावित दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकता है।
नगरवासियों ने मांग की है कि बाजार और त्योहार के दिनों में यातायात विभाग द्वारा विशेष व्यवस्था बनाकर प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि गौरेला नगर में यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रह सके।