कलेक्टर-जिला पंचायत सीईओ ने पशु एवं बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र पकरिया का किया निरीक्षण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 4 जुलाई 2026/ कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे ने शासकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र एवं शासकीय बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र पकरिया का संयुक्त निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने साहीवाल नस्ल के गौवंश, जमुनापारी एवं सिरोही नस्ल की बकरियों के संरक्षण एवं संवर्धन, सांड एवं बकरा वितरण, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, दुग्ध उत्पादन तथा हरा चारा विकास कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1928 में स्थापित शासकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र का कुल रकबा 113.99 एकड़ है, जहां साहीवाल नस्ल के गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। 30 जून 2026 की स्थिति में 160 के लक्ष्य के विरुद्ध कुल 210 पशुधन उपलब्ध हैं। इनमें 80 उत्पादक पशु शामिल हैं, जिनमें 33 दुग्धारू, 16 शुष्क एवं 30 गाभिन पशु हैं। प्रक्षेत्र में अब तक 15,203 लीटर दुग्ध उत्पादन दर्ज किया गया है। हरा चारा विकास कार्यक्रम के तहत 10 एकड़ में नेपियर तथा 10 एकड़ में सूडान एवं मक्का की खेती की जा रही है। पशुओं का टीकाकरण, डीवर्मिंग एवं प्रयोगशाला परीक्षण शत-प्रतिशत किया जा रहा है।
डॉ. आर. डी. जायसवाल ने यह भी बताया कि वर्ष 1975 में स्थापित शासकीय बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 113.99 एकड़ है। यहां जमुनापारी एवं सिरोही नस्ल की बकरियों का पालन एवं प्रजनन किया जा रहा है। 30 जून 2026 की स्थिति में 500 के लक्ष्य के विरुद्ध कुल 601 बकरियां उपलब्ध हैं। इनमें 304 उत्पादक बकरियां हैं, जिनमें 88 दुग्धारू, 77 शुष्क एवं 139 गाभिन बकरियां शामिल हैं। प्रक्षेत्र में 12 ब्रीडिंग बकरे उपलब्ध हैं। हरा चारा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 5 एकड़ में अरहर तथा 6 एकड़ में सूडान की खेती की जा रही है। यहां भी टीकाकरण, डीवर्मिंग एवं प्रयोगशाला परीक्षण शत-प्रतिशत किया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने अधिकारियों को पशुधन संरक्षण एवं नस्ल सुधार कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने, चारा उत्पादन बढ़ाने तथा प्रक्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सांड एवं बकरा वितरण कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रक्षेत्र परिसर में तीन आम के पौधों का रोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. व्ही. के. पटेल, डॉ. राहुल गौतम, डॉ. आर. डी. जायसवाल, डॉ. आकांक्षा सिंह राठौर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।