कलेक्टर का बोर्ड परीक्षार्थियों को संदेश: तनाव छोड़ें, आत्मविश्वास से लिखें परीक्षा

0

कलेक्टर का बोर्ड परीक्षार्थियों को संदेश: तनाव छोड़ें, आत्मविश्वास से लिखें परीक्षा
कटनी।। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा है कि परीक्षा को डर या तनाव नहीं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मानें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा जीवन की यात्रा का केवल एक पड़ाव है, यही अंतिम मंज़िल नहीं।
कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे शांत मन से प्रश्नपत्र पढ़ें, समय का सही प्रबंधन करें और बिना घबराहट के उत्तर लिखें। उन्होंने कहा कि आपने पूरे वर्ष जो मेहनत की है, उस पर भरोसा रखें, सकारात्मक सोच रखें और स्वयं पर विश्वास बनाए रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि मानसिक शांति और आत्मबल सफलता की कुंजी है। परीक्षा के दौरान पर्याप्त नींद लें, स्वास्थ्य का ध्यान रखें और किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों से दूर रहें। ईमानदारी और परिश्रम से प्राप्त सफलता ही स्थायी और संतोषजनक होती है।
कलेक्टर ने विद्यालय प्राचार्यों एवं शिक्षकों से भी अपील की कि वे परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाएं, उन्हें तनावमुक्त वातावरण दें और सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान करें। अंत में कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपकी लगन और मेहनत अवश्य रंग लाएगी और आपका भविष्य उज्ज्वल होगा।
उल्लेखनीय है कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से प्रारंभ हो रही हैं, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होंगी। यह संदेश विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि परीक्षा के समय आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का मार्गदर्शन भी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed