सीवर लाइन की बदहाली पर कीचड़ में बैठी कांग्रेस, सड़क निर्माण को लेकर सरकार और निगम पर हमला लखेरा में कांग्रेस का अनोखा धरना प्रदर्शन, बोले जनता परेशान है और जिम्मेदार सिस्टम बेखबर

0

सीवर लाइन की बदहाली पर कीचड़ में बैठी कांग्रेस, सड़क निर्माण को लेकर सरकार और निगम पर हमला
लखेरा में कांग्रेस का अनोखा धरना प्रदर्शन, बोले जनता परेशान है और जिम्मेदार सिस्टम बेखबर

शहर में सीवर लाइन परियोजना के बाद बदहाल हुई सड़कों और बारिश के दौरान उत्पन्न कीचड़ व जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। लखेरा क्षेत्र में विवेकानंद चौक, रामनिवास सिंह वार्ड, फॉरेस्टर वार्ड एवं कावसजी वार्ड की जर्जर सड़कों की स्थिति के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर जमा कीचड़ के बीच बैठकर धरने पर बैठे और शीघ्र सड़क निर्माण की मांग उठाई।

कटनी। शहर में सीवर लाइन के नाम पर लंबे समय से चल रही खुदाई और उसके बाद बदहाल हुई सड़कों का मुद्दा अब राजनीतिक रूप लेता दिखाई दे रहा है। लखेरा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर फैले कीचड़ के बीच बैठकर अनोखा धरना प्रदर्शन किया और नगर निगम एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद राजेश कुमार जाटव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय नागरिक भी शामिल हुए। विवेकानंद चौक, रामनिवास सिंह वार्ड, फॉरेस्टर वार्ड एवं कावसजी वार्ड की जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने सीधे तौर पर जिम्मेदार अधिकारियों और नगर निगम से जवाब मांगा।

कीचड़ में बैठकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर जमा कीचड़ के बीच बैठ गए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बारिश में शहर की जनता कीचड़ और जलभराव से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता की इस परेशानी का स्थायी समाधान कराने में नाकाम साबित हो रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सीवर लाइन का काम लंबे समय से शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़कें खोद दी गईं, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उनका व्यवस्थित पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। नतीजा यह है कि बारिश आते ही सड़कें कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती हैं।

विकास के दावों पर कांग्रेस का सवाल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि शहर में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत लखेरा सहित कई वार्डों की बदहाल सड़कें बयां कर रही हैं। यदि विकास कार्य जनता के लिए राहत के बजाय रोजमर्रा की परेशानी बन जाएं तो ऐसे विकास कार्यों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कांग्रेस ने कहा कि सीवर लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का विरोध नहीं है, लेकिन परियोजना के नाम पर नागरिकों को लंबे समय तक परेशानी में छोड़ना स्वीकार नहीं किया जा सकता। निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

हादसों का हवाला देकर सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सीवर लाइन कार्य के दौरान पूर्व में भी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा, सड़क पुनर्निर्माण और नागरिकों की सुविधा को लेकर पर्याप्त गंभीरता दिखाई नहीं जा रही है। बारिश के दौरान खुले गड्ढे, कीचड़ और जलभराव दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जर्जर सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि वह शहर की जनता की आवाज को सड़क से लेकर प्रशासन और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों तक उठाती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed