वर्दी के पीछे के परिवार को मिला सम्मान पुलिस परिवारों के मेधावी बच्चों के सपनों को मिली उड़ान, 22 विद्यार्थियों के लिए 9.08 लाख की शिक्षा सहायता स्वीकृत

0

वर्दी के पीछे के परिवार को मिला सम्मान
पुलिस परिवारों के मेधावी बच्चों के सपनों को मिली उड़ान, 22 विद्यार्थियों के लिए 9.08 लाख की शिक्षा सहायता स्वीकृत

पुलिसकर्मी जब अपनी ड्यूटी पर निकलता है तो उसके पीछे उसका परिवार खड़ा होता है। त्योहार हो, बारिश हो, कानून-व्यवस्था की चुनौती हो या देर रात तक चलने वाली ड्यूटी.पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी का कोई निश्चित समय नहीं होता। ऐसे में उसके परिवार की भूमिका भी कम महत्वपूर्ण नहीं होती। यही वजह है कि पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा के लिए विभाग द्वारा आर्थिक सहायता दिया जाना महज एक सरकारी योजना का क्रियान्वयन मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
9 लाख 8 हजार 23 रुपये की यह सहायता राशि वास्तव में 22 विद्यार्थियों के भविष्य में किया गया निवेश है। यह रकम केवल फीस भरने या शैक्षणिक खर्च में सहयोग करने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे एक बड़ा संदेश है.जिस पुलिसकर्मी से समाज अपनी सुरक्षा की उम्मीद करता है, उसके परिवार की सुरक्षा और भविष्य की चिंता करना भी व्यवस्था की जिम्मेदारी है।
कटनी। पुलिस की पहचान आमतौर पर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़ी होती है, लेकिन कटनी पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल ने विभाग के उस मानवीय चेहरे को सामने ला दिया है, जो वर्दी के पीछे अपने परिवार और बच्चों के भविष्य की चिंता करने वाले पुलिसकर्मियों से जुड़ा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा की पहल पर पुलिस परिवार कटनी के 22 मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए कुल 9 लाख 8 हजार 23 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। यह सहायता मध्यप्रदेश शासन पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित शिक्षा निधि कल्याणकारी योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। योजना का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के मेधावी बच्चों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना तथा उच्च शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अवसरों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
22 परिवारों के 22 सपनों को मिला विभाग का सहारा
पुलिस विभाग के लिए यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पुलिसकर्मी जब दिन-रात कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, तब उनके परिवार और बच्चों की शिक्षा भी उनकी प्राथमिक चिंताओं में शामिल रहती है। ऐसे में विभाग की ओर से मेधावी बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पुलिस परिवारों को यह भरोसा दिलाने वाला कदम है कि विभाग अपने कर्मचारियों के साथ केवल ड्यूटी के समय नहीं, बल्कि उनके परिवार के भविष्य की चिंता में भी खड़ा है।
22 विद्यार्थियों के लिए स्वीकृत 9,08,023 रुपये की राशि इन परिवारों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहारा साबित हो सकती है। विशेष रूप से उच्च शिक्षा के बढ़ते खर्च के दौर में ऐसी सहायता विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है।
पुलिसकर्मी के साथ विभाग की भावना को मजबूती
पुलिस मुख्यालय की शिक्षा निधि योजना का मूल उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक प्रोत्साहन देकर उनके शैक्षणिक भविष्य को मजबूत करना है। कटनी में इस योजना के माध्यम से 22 विद्यार्थियों को सहायता मिलना विभाग की कल्याणकारी सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
यह पहल इस संदेश को भी मजबूत करती है कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों को केवल एक कर्मचारी के रूप में नहीं, बल्कि एक परिवार के सदस्य के रूप में देखता है। पुलिसकर्मी के बच्चे जब शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे पुलिस परिवार के मनोबल पर पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के स्तर पर स्वीकृत यह सहायता राशि पुलिस परिवार के 22 मेधावी विद्यार्थियों के लिए केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उनके सपनों को आगे बढ़ाने का विश्वास भी है। किसी भी संस्था की असली ताकत उसके भवन, संसाधन या व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि उसके लोगों के मनोबल से तय होती है। और पुलिस परिवार के बच्चों की शिक्षा में किया गया यह निवेश निश्चित रूप से उसी मनोबल को मजबूत करने वाला कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed