मंडी पहुंची कांग्रेस, किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा 25% मूंग खरीदी, डीएपी-यूरिया की कमी और पेट्रोल-डीजल संकट पर उठाए सवाल

0

मंडी पहुंची कांग्रेस, किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा
25% मूंग खरीदी, डीएपी-यूरिया की कमी और पेट्रोल-डीजल संकट पर उठाए सवाल
कटनी।। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कृषि उपज मंडी पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी परेशानियां सुनीं। किसानों ने बताया कि शासन द्वारा केवल 25 प्रतिशत मूंग की खरीदी किए जाने से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बताया कि लगातार बारिश के बीच धान की रोपाई का कार्य जारी है, लेकिन डीएपी खाद की भारी कमी के कारण खेती प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना था कि डीएपी के स्थान पर अन्य खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि फसल के लिए डीएपी और यूरिया दोनों की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की कमी से भी कृषि कार्य बाधित हो रहे हैं।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद और ईंधन जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मूंग खरीदी का प्रतिशत बढ़ाने, डीएपी एवं यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ी है। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, संजय गुप्ता, किसान नेता दिग्विजय सिंह, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, कपिल पटेल, हर्षित मिश्रा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed