वर्षा ऋतु में जन सुरक्षा सर्वोपरि, जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

0

वर्षा ऋतु में जन सुरक्षा सर्वोपरि, जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कटनी। वर्षा ऋतु के दौरान संभावित हादसों को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम ने जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले वार्डों का प्रतिदिन भ्रमण कर पुराने और जीर्ण-शीर्ण भवनों की पहचान करने तथा उनका भौतिक सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने कहा कि केवल निरीक्षण करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि ऐसे भवनों के उन हिस्सों को तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए जो गिरने की स्थिति में हैं और आमजन के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से शासकीय स्कूलों के आसपास स्थित जर्जर भवनों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त ने बताया कि नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत जर्जर भवनों पर कार्रवाई करने के स्पष्ट अधिकार उपलब्ध हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिनियम की संबंधित धाराओं के अनुसार खतरनाक भवनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि वर्षा ऋतु में किसी भी प्रकार की जन-धन हानि को रोका जा सके। नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर स्कूली बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed