अमकुही स्थित फिल्टर प्लांट में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता दिवस की सभी को दी शुभकामनाएं

0

अमकुही स्थित फिल्टर प्लांट में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता दिवस की सभी को दी शुभकामनाएं


कटनी।। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी के अमकुही स्थित जल शोधन संयंत्र (फिल्टर प्लांट) में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण किया।ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान तथा प्रत्येक भारतीय के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन भारत के इतिहास का वह गौरवशाली दिन है, जब वर्षों के संघर्ष, त्याग और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद देश ने आजादी प्राप्त की। हमारे वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया। इसलिए स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लेने का दिन भी है। श्री पाठक ने कहा कि आज देश ‘सारे जहां से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा’ की भावना के साथ विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हमें अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं ।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे, तभी एक सशक्त, स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होगा। अंत में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने नगर पालिक निगम कटनी के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों सहित शहर के सभी नागरिकों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं और राष्ट्र की उन्नति एवं समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed