बाजारों में अव्यवस्था पर निगम सख्त, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने संभाली कमान गोल बाजार सुभाष चौक में चला निरीक्षण अभियान,अतिक्रमण व अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
बाजारों में अव्यवस्था पर निगम सख्त, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने संभाली कमान गोल बाजार सुभाष चौक में चला निरीक्षण अभियान,अतिक्रमण व अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
कटनी।। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम आवागमन युक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों गोल बाजार एवं सुभाष चौक का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और यातायात संचालन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्था एवं अतिक्रमण पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर उन्हें स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि प्रत्येक प्रतिष्ठान में डस्टबिन रखना सुनिश्चित करें तथा सामग्री को दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर रखें, ताकि बाजार क्षेत्र स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे तथा नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने व्यापारियों से सफाई व्यवस्था एवं निगम से संबंधित समस्याओं को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों के अनुरूप स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, लेकिन इसमें नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान गोल बाजार की विभिन्न गलियों में कचरा संग्रहण व्यवस्था, डस्टबिन उपयोग, सड़क एवं नालियों की स्थिति तथा यातायात अवरोधों का निरीक्षण किया गया। सार्वजनिक मार्गों पर रखी सामग्री और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर निगमायुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लल्लू भैया स्तंभ के समीप, तुलसीदास एंड सन्स गली तथा जय अंबे ट्रेडर्स के सामने मार्ग पर रखी सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं मोनिका साड़ी एवं कुमकुम साड़ी सेंटर के पास नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर नालियों के गहरीकरण एवं ढंकने की कार्रवाई कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके अतिरिक्त देश भंडार के सामने स्थित एप्रोच मार्ग से अतिक्रमण हटाने, गोल बाजार क्षेत्र में दुकानों के बंद होने से पहले नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने, सुभाष चौक स्थित नाले की जाली की मरम्मत कराने तथा चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण अधिकारी मानेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अतिक्रमण अमले के कर्मचारी उपस्थित रहे।