अम्बेडकर वार्ड में विकास कार्यों का शुभारंभ, 43 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क और नाली

0

अम्बेडकर वार्ड में विकास कार्यों का शुभारंभ, 43 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क और नाली
कटनी। शहर को सुविधाजनक और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम ने अम्बेडकर वार्ड में आधारभूत विकास कार्यों की शुरुआत की। लगभग 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि नगर की सांस्कृतिक परंपराओं को सम्मान देते हुए भूमिपूजन वार्ड की कन्याओं श्रुति एवं श्रेया के कर-कमलों से कराया गया। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद डब्बू रजक एवं कमलेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को सुगम और व्यवस्थित जीवन-परिवेश मिल सके। प्रस्तावित सड़क और नाली निर्माण से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा तथा बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। महापौर ने निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला ने कहा कि यह कार्य लंबे समय से वार्डवासियों की प्रमुख मांगों में शामिल था, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कन्याओं द्वारा भूमिपूजन कराया जाना भविष्य की पीढ़ियों के विकास और सम्मान का प्रतीक है। पक्की सड़क और नाली बनने से क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को दैनिक जीवन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों के शीघ्र पूर्ण होने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed