गर्मी में गौसेवकों की सराहनीय पहल, घुमंतू पशुओं के लिए जगह-जगह रखी पानी की हौदियां
मोहम्मद शाकिब खान, मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/गौरेला। भीषण गर्मी के चलते जहां इंसान परेशान हैं, वहीं घुमंतू एवं बेसहारा पशुओं के लिए भी यह मौसम आफत बन गया है। ऐसे में नगर गौरेला के गौसेवकों ने मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था की है।
नगर के उत्साही युवाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर सिमेंटेड पानी की हौदियां रखी गई हैं, जिनमें नियमित रूप से पानी भरा जा रहा है। इन हौदियों से पशुओं को भीषण गर्मी में प्यास बुझाने में काफी राहत मिल रही है।
गौसेवकों की यह पहल न केवल पशु सेवा का संदेश दे रही है, बल्कि समाज को भी जागरूक कर रही है कि बेजुबान जीवों के प्रति संवेदनशीलता कितनी आवश्यक है।
निस्वार्थ सेवा में जुटे युवा
नगर के ये गौसेवक लंबे समय से निस्वार्थ भाव से गायों और अन्य पशुओं की सेवा में लगे हुए हैं। सड़कों पर घायल या बीमार पशुओं की जानकारी मिलते ही वे तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर उनका उपचार कराते हैं। गंभीर रूप से घायल पशुओं को गौशाला में रखकर उनकी देखभाल और भोजन की व्यवस्था भी करते हैं।

इतना ही नहीं, मृत पशुओं का अंतिम संस्कार (कफन-दफन) भी ये युवा स्वयं करते हैं, जिससे शहर में स्वच्छता भी बनी रहती है।
जन सहयोग भी मिल रहा
गौसेवकों के इस सराहनीय कार्य से प्रभावित होकर नगरवासी भी आगे आकर सहयोग कर रहे हैं। कोई पानी भरने में मदद कर रहा है तो कोई आर्थिक सहयोग देकर इस सेवा कार्य को मजबूती प्रदान कर रहा है।



मानवता का संदेश
भीषण गर्मी के इस दौर में गौरेला के युवाओं की यह पहल न केवल पशु सेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज में दया, करुणा और जिम्मेदारी का भी संदेश दे रही है।