पटाखा बाजार के लिए उचित स्थान की मांग, फुटकर व्यापारियों ने विधायक और जिला प्रशासन को सौंपा पत्र द्वारका सिटी में ही दुकानें लगाने की मांग, पुलिस लाइन झिंझरी को बताया शहर से दूर, कहा–ग्राहक नहीं पहुंच पाएंगे तो प्रभावित होगा कारोबार
पटाखा बाजार के लिए उचित स्थान की मांग, फुटकर व्यापारियों ने विधायक और जिला प्रशासन को सौंपा पत्र
द्वारका सिटी में ही दुकानें लगाने की मांग, पुलिस लाइन झिंझरी को बताया शहर से दूर, कहा–ग्राहक नहीं पहुंच पाएंगे तो प्रभावित होगा कारोबार
कटनी। दीपावली के मद्देनजर पटाखों के फुटकर विक्रय के लिए निर्धारित किए जा रहे स्थान को लेकर व्यापारियों की परेशानी सामने आने लगी है। कटनी फुटकर पटाखा व्यापारी संघ ने प्रशासन से फुटकर पटाखा दुकानों के लिए ऐसा स्थान आवंटित करने की मांग की है, जहां शहर के आम नागरिक आसानी से पहुंचकर पटाखों की खरीदारी कर सकें। इस संबंध में संघ ने जिला प्रशासन सहित विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक को पत्र लिखकर अपनी समस्या से अवगत कराया है और उचित निराकरण की मांग की है। व्यापारी संघ का कहना है कि पूर्व में फुटकर पटाखा विक्रय के लिए द्वारका सिटी में स्थान निर्धारित किया गया था। इस वर्ष भी व्यापारी इसी स्थान पर दुकानें लगाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें पुलिस लाइन झिंझरी में दुकानें लगाने के लिए कहा जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार पुलिस लाइन झिंझरी शहर से काफी दूर है और वहां तक पहुंचने वाला मार्ग भी खराब है। ऐसे में आम नागरिकों, विशेषकर कम मात्रा में पटाखे खरीदने वाले ग्राहकों को इतनी दूर जाना असुविधाजनक होगा। इससे फुटकर व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित होने की आशंका है।
सभी फुटकर विक्रेताओं के लिए एक समान स्थान की मांग
संघ ने अपने पत्र में एक अन्य विकल्प भी प्रशासन के सामने रखा है। व्यापारियों का कहना है कि कैंप क्षेत्र के फुटकर पटाखा विक्रेताओं को इमलिया में स्थान दिया जा रहा है, तो उन्हें भी इमलिया में ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। अन्यथा कैंप क्षेत्र के फुटकर विक्रेताओं को पुलिस लाइन झिंझरी में स्थान आवंटित किया जाए, ताकि सभी फुटकर विक्रेता एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से व्यापार कर सकें। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि इन विकल्पों पर सहमति नहीं बनती है तो उन्हें पूर्व की तरह द्वारका सिटी में ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए।
ग्राहकों की सुविधा और व्यापार दोनों का सवाल
व्यापारियों का कहना है कि पटाखों की फुटकर खरीदारी के लिए अधिकांश ग्राहक सीमित मात्रा में सामान लेने आते हैं। ऐसे में यदि दुकानें शहर से काफी दूर होंगी तो ग्राहक वहां पहुंचने से बच सकते हैं। इसलिए स्थान निर्धारण करते समय केवल प्रशासनिक व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुविधा, आवागमन और छोटे व्यापारियों की आजीविका को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। कटनी फुटकर पटाखा व्यापारी संघ ने जिला प्रशासन और विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक से मांग की है कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ऐसा स्थान निर्धारित कराया जाए, जहां सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से पटाखों का विक्रय हो सके और ग्राहकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अजय कुमार गुप्ता, मनीष गुप्ता, इसरार मोहम्मद, राहुल, सतीश गुप्ता, विवेक गुप्ता, अनिल गुप्ता, नितिन गुप्ता, विजय गुप्ता, अनंत अग्रहरि, श्याम सुखनानी, अशोक सुखनानी, मोंटी शर्मा, शिव गुप्ता, शारदा प्रसाद गुप्ता, योगेश जायसवाल, सुमित गुप्ता, विकास जीवनानी, त्रिवेणी गुप्ता, विशाल जीवनानी सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।