चाका-पुरैनी से झिंझरी तक जर्जर सड़क, मरम्मत की मांग एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने निगम अध्यक्ष को सौंपा पत्र, अध्यक्ष ने आयुक्त को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
चाका-पुरैनी से झिंझरी तक जर्जर सड़क, मरम्मत की मांग
एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने निगम अध्यक्ष को सौंपा पत्र, अध्यक्ष ने आयुक्त को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कटनी। शहर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग चाका-पुरैनी से झिंझरी तक की सड़क इन दिनों गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण बदहाल है। बारिश के बाद सड़क की हालत और बिगड़ गई है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। आगामी नवरात्र और दशहरा पर्व के दौरान इस मार्ग पर बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए सड़क की मरम्मत का मुद्दा अब नगर निगम तक पहुंचा है।
नगर निगम के एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक को पत्र सौंपकर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। पत्र में उन्होंने बताया कि चाका-पुरैनी से झिंझरी तक शहर को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-7 के रूप में जानी जाती थी। वर्तमान में अधिकांश हिस्सों में सड़क जर्जर हो चुकी है।
पत्र में ट्रांसपोर्ट नगर मोड़, पुरानी सब्जी मंडी, पन्ना तिराहा, कुठला, अहमद नगर, रचना नगर मोड़, बस स्टैंड, जगन्नाथ चौक से बरगवां फ्लाईओवर, आस्था प्लाजा, डन कॉलोनी, कटाये घाट मोड़, माधवनगर गेट तथा कलेक्ट्रेट-वन विभाग क्षेत्र से झिंझरी तक सड़क की खराब स्थिति का उल्लेख किया गया है।
रोजाना हजारों लोगों का आवागमन
एल्डरमैन ने कहा कि यह शहर का प्रमुख आवागमन मार्ग है। इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ ग्रामीण, स्कूली बच्चे और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और हादसों की आशंका बनी हुई है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही बढ़ने से समस्या और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने निगम अध्यक्ष से पूरे मार्ग की स्थिति को प्राथमिकता से लेते हुए गड्ढों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने के लिए संबंधित विभाग या एजेंसी को निर्देशित करने का अनुरोध किया।
निगम अध्यक्ष ने आयुक्त को लिखा पत्र
मामले को जनहित से जुड़ा मानते हुए निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने त्वरित कार्रवाई के लिए नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा है। इसमें सड़क की स्थिति का संज्ञान लेकर आवश्यक मरम्मत और गड्ढों के सुधार की कार्रवाई कराने की बात कही गई है। अब देखना होगा कि पर्व के पहले इस प्रमुख मार्ग को कितनी राहत मिल पाती है।