रोशन नगर में विकास कार्यों को मिली नई गति, सीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न

0

रोशन नगर में विकास कार्यों को मिली नई गति, सीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न
कटनी। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्रीरामजानकी हनुमान वार्ड अंतर्गत रोशन नगर में कमल होटल के पीछे विभिन्न स्थानों पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता एवं एमआईसी सदस्यों की विशेष उपस्थिति रही। वार्ड के नागरिक अर्जुन अहिरवार एवं पुरुषोत्तम गौतम द्वारा पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन की रस्म पूरी की गई।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सड़क, नाली और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। नगर निगम का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड में अधोसंरचना संबंधी सुविधाओं को मजबूत किया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी होती है, लेकिन इस नाली निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
महापौर ने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा अपने क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील भी की। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रागिनी मनोज गुप्ता ने कहा कि वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से बेहतर नाली व्यवस्था की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, बीना बैनर्जी, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद एडवोकेट मनोज गुप्ता, विजु पंचम दहिया, प्रीतम सिंह, रजनीश, संतोष श्रीवास्तव, अधिवक्ता राजेश चावरे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed