जय जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण, श्रीमद् भागवत कथा में गूंजा भक्ति और वैराग्य का संदेश

0

जय जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण, श्रीमद् भागवत कथा में गूंजा भक्ति और वैराग्य का संदेश
कटनी।। पुरुषोत्तम मास के पुण्य अवसर पर शहर का धार्मिक वातावरण इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। श्री श्री 1008 सिद्ध पीठ दक्षिणमुखी बड़े हनुमान जी मंदिर एवं श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सहयोग से श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित 11 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिल रही है।
कथा आयोजन प्रेरणास्रोत पूज्य श्री आनंद जी महाराज के सान्निध्य में तथा मथुरा की सुप्रसिद्ध कथा व्यास देवी कृष्ण वल्लभा जी के मधुर एवं ओजस्वी प्रवचनों से निरंतर भक्तिरस की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। कथा के प्रसंग में भक्ति, ज्ञान, वैराग्य कथा एवं धुंधकारी मोक्ष का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया गया। कथा व्यास ने कहा कि मानव जीवन क्षणभंगुर है, इस संसार में जो भी आया है उसे एक दिन जाना ही है, चाहे वह राजा हो या रंक। प्रभु के भजन, सत्संग और श्रीमद् भागवत कथा श्रवण से ही मनुष्य का जीवन पवित्र और सार्थक बनता है।
प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर जय जय जगन्नाथ के जयकारों के साथ भक्ति में लीन दिखाई दिए। कथा स्थल पर भजन, शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। कार्यक्रम के अंत में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य आरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। ट्रस्ट कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे प्रतिदिन कथा में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें और अपने जीवन को प्रभु भक्ति से आलोकित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed