नशे में वाहन चलाना पड़ा भारी, तीन चालकों पर कोर्ट ने लगाया ₹30 हजार जुर्माना
नशे में वाहन चलाना पड़ा भारी, तीन चालकों पर कोर्ट ने लगाया ₹30 हजार जुर्माना
कटनी। सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। थाना यातायात कटनी द्वारा दर्ज प्रकरणों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कटनी के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय ने तीनों वाहन चालकों पर ₹10-10 हजार का अर्थदंड अधिरोपित करते हुए कुल ₹30 हजार का जुर्माना लगाया। अर्थदंड जमा करने के बाद संबंधित वाहन नियमानुसार सुपुर्द किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत कटनी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएँ तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ड्रिंक एंड ड्राइव सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।