टनल निर्माण कार्य की प्रगति पर पुलिस अधीक्षक की नजर, थाना स्लीमनाबाद का किया निरीक्षण
टनल निर्माण कार्य की प्रगति पर पुलिस अधीक्षक की नजर, थाना स्लीमनाबाद का किया निरीक्षण
कटनी। जिले के पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र के अंतर्गत संचालित बरगी व्यपवर्तन परियोजना की दाईं तट मुख्य नहर के टनल निर्माण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स पटेल-एस.ई.डब्ल्यूयू के अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति और निर्माण के दौरान आने वाली चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत श्री विश्वकर्मा ने थाना स्लीमनाबाद का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों, लंबित अपराधों, मर्ग प्रकरणों एवं अन्य विवेचनाधीन मामलों की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारी एवं विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा विवेचना में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और जनता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी स्लीमनाबाद सुदेश समन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।