घर-घर दस्तक और शिविरों के जरिए जलकर राहत योजना का लाभ दिलाने के प्रयास जारी 10 अक्टूबर तक 50 प्रतिशत राहत का अवसर, बकायादार उपभोक्ताओं से समय रहते लाभ लेने की अपील
घर-घर दस्तक और शिविरों के जरिए जलकर राहत योजना का लाभ दिलाने के प्रयास जारी
10 अक्टूबर तक 50 प्रतिशत राहत का अवसर, बकायादार उपभोक्ताओं से समय रहते लाभ लेने की अपील
कटनी।। बकाया जलकर राशि पर 50 प्रतिशत राहत प्रदान करने वाली जलकर राहत योजना का अधिकाधिक नागरिकों को लाभ दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अक्टूबर 2026 किए जाने के बाद निगम अमला शिविर आयोजित करने के साथ-साथ घर-घर पहुंचकर बकायादार जलकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दे रहा है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान कर राहत का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहा है।
नगर निगम द्वारा ऐसे उपभोक्ताओं से विशेष रूप से संपर्क किया जा रहा है, जिनका जलकर लंबे समय से बकाया है। घर-घर संपर्क के दौरान उपभोक्ताओं को योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत राहत, एकमुश्त भुगतान की प्रक्रिया तथा योजना की अंतिम तिथि की जानकारी दी जा रही है। निगम अमले द्वारा नागरिकों को बकाया जलकर का समय पर भुगतान करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन कर नागरिकों को उनके जलकर बकाया की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को मौके पर ही भुगतान की सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि बकाया राशि का निराकरण आसानी से किया जा सके।
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य जलकर राहत योजना के माध्यम से अधिकाधिक बकायादार उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने के साथ-साथ लंबे समय से लंबित जलकर बकाया का निराकरण सुनिश्चित करना है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि 10 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध इस विशेष अवसर का लाभ उठाते हुए अपने बकाया जलकर का एकमुश्त भुगतान करें और 50 प्रतिशत राहत प्राप्त करें।