मरवाही वन मंडल में हाथियों की दस्तक, किसान की धान फसल को पहुंचाया नुकसान

0

प्रशांत कुमार मिश्रा मरवाही

मरवाही/सिवनी।

मरवाही वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी में चार हाथियों के झुंड ने एक किसान के खेत में घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। जानकारी के अनुसार ग्राम सिवनी निवासी किसान भारत साहू के खेत में हाथियों ने देर शाम उत्पात मचाते हुए फसल रौंद दी, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है।

बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला अंतर्गत जरियारी-उमरिया क्षेत्र की ओर से होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश कर शिवनी बीट तक पहुंचा है। वर्तमान में चारों हाथी शिवनी-देवगवां के झूलनी जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थिति को देखते हुए मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ वन विभाग की संयुक्त टीम लगातार सघन निगरानी कर रही है। वन कर्मचारी हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग द्वारा लोगों से रात के समय जंगल और खेतों की ओर अकेले न जाने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

वन विभाग के अनुसार हाथियों के दल की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *