नौनिहालों के सर्वांगीण विकास में न रहे कोई कमी: निगमायुक्त तपस्या परिहार पालन घर का निरीक्षण कर शैक्षणिक सामग्री बढ़ाने और सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण के दिए निर्देश

0

नौनिहालों के सर्वांगीण विकास में न रहे कोई कमी: निगमायुक्त तपस्या परिहार
पालन घर का निरीक्षण कर शैक्षणिक सामग्री बढ़ाने और सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण के दिए निर्देश
कटनी। कामकाजी महिलाओं के बच्चों की बेहतर देखभाल और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित पालन घर का गुरुवार को निगमायुक्त तपस्या परिहार ने निरीक्षण किया। टी.सी.बाजन स्कूल परिसर स्थित पालन घर में उन्होंने बच्चों की गतिविधियों, पोषण, पेयजल, खेल सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए।

बच्चों की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा
निगमायुक्त ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। केयरटेकर पूनम बानामी से बच्चों को सिखाई जा रही गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उपस्थिति पंजी, पोषण आहार और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए ज्ञानवर्धक खिलौने, शैक्षणिक चार्ट, पठन सामग्री और खेल उपकरण उपलब्ध कराने तथा अलमारी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

रिक्त स्थल पर बनेगा आउटडोर खेल क्षेत्र
पालन घर के पीछे स्थित रिक्त स्थल का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण कराने और स्थान को विकसित कर बच्चों के आउटडोर खेल क्षेत्र के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पालन घर केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं, बल्कि उनके संस्कार और सीखने की पहली पाठशाला है। यहां का वातावरण घर जैसा सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक होना चाहिए, ताकि बच्चों को सीखने और विकसित होने के अनुकूल माहौल मिल सके।

जोन एवं अतिक्रमण कार्यालय का भी निरीक्षण
निगमायुक्त ने परिसर में संचालित जोन कार्यालय और अतिक्रमण कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करने और कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, आरएसआई विनोद सिंह चौहान, सीओओ योगेश पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed