उमंग सिंघार का केंद्र सरकार पर हमला, बोले—ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो, चुनाव आयोग पर महाभियोग लाए सरकार

0

उमंग सिंघार का केंद्र सरकार पर हमला, बोले—ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो, चुनाव आयोग पर महाभियोग लाए सरकार
कटनी। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शुक्रवार को कटनी के माधवनगर स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। कैमोर रवाना होने से पहले मीडिया से मुखातिब हुए सिंघार ने कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से नाम काटे जाने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है और इस लड़ाई में पूरा विपक्ष एकजुट है।

वोट चोरी का मुद्दा जनता से जुड़ा: सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल किसी राजनीतिक दल का मामला नहीं, बल्कि सीधे आम जनता के मताधिकार से जुड़ा हुआ है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के तमाम नेता इस मुद्दे को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। सरकार की नीतियों और कथित तानाशाही के खिलाफ विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है।

मतदाता सूची से करोड़ों नाम काटने का आरोप
सिंघार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि करीब 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब बूथ लेवल अधिकारी (BLO) ही अपने बूथ की पूरी मतदाता सूची नहीं देख पा रहे हैं, तो मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों को सार्वजनिक करने में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और आम लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग, महाभियोग का उठाया मुद्दा
उमंग सिंघार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। सिंघार ने मांग की कि भाजपा सरकार मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा ले और इस पूरे मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने के लिए महाभियोग की प्रक्रिया अपनाने की भी बात कही। सिंघार के अनुसार, लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विपक्ष चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगा रहा है, तो केंद्र सरकार इन सवालों पर स्पष्ट जवाब क्यों नहीं दे रही है।

विपक्ष के साथ युवा पीढ़ी भी उठा रही आवाज
सिंघार ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और कथित लोकतांत्रिक अनियमितताओं के खिलाफ विपक्ष के साथ युवा पीढ़ी भी आवाज उठा रही है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं और युवाओं के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं की रही मौजूदगी
पत्रकार वार्ता के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह, कांग्रेस नेता संदीप बाजपेयी पप्पू सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed