80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
कटनी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मिष्ठान्न वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।